सुनीता आहूजा के ‘शुगर डैडी’ बयान पर भड़के गोविंदा, हीरोइन के बचाव में बोले- ‘इतना बदनाम मत कीजिए कि वो भाग जाए’

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ के साथ-साथ अपकमिंग फिल्म को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार खबरें सामने आ रही हैं। अब दोनों के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज होती दिखाई दे रही है।

सुनीता आहूजा ने हाल ही में गोविंदा की को-स्टार और युवा अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने गोविंदा को कथित तौर पर ‘शुगर डैडी’ कहकर तंज कसा था। सुनीता के इस बयान के बाद अब गोविंदा ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।

सुनीता के बयान पर क्या बोले गोविंदा?

गोविंदा ने पत्नी की भाषा पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सुनीता को सार्वजनिक मंच पर मां-बहन की गालियों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा लोग उन्हें देखते हैं और उनसे प्रेरणा लेते हैं, इसलिए उन्हें अपने व्यवहार का ध्यान रखना चाहिए।

अभिनेता ने सुनीता से अपील करते हुए कहा कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे मां-बहन जैसे रिश्तों का सम्मान कम होता है। गोविंदा ने यह भी कहा कि उनसे इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती।

कोमल रानी को लेकर क्या है विवाद?

गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के बीच कथित रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा है। दोनों फिल्म ‘रूपा’ में साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले भी सुनीता गोविंदा के कथित अफेयर्स को लेकर सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी कर चुकी हैं और एक युवा अभिनेत्री का जिक्र किया था।

हालांकि, गोविंदा ने इन आरोपों को खारिज किया है। इससे पहले उन्होंने कोमल के चुप रहने की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके इस रवैये ने विवाद को और बढ़ने से रोकने में मदद की।

‘मेरे काम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है’

गोविंदा ने अपनी प्रतिक्रिया में यह भी कहा कि उन्होंने फिल्म शुरू की है और उन्हें लगता है कि उनके काम और इमेज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

अभिनेता ने कहा कि उन्हें बाहर जो काम मिलता है, वह करते हैं और अब जिस फिल्म पर काम कर रहे हैं, उसमें भी किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में गरीब और संघर्ष करने वाले परिवारों से लोग आते हैं, ऐसे में उन्हें इस तरह बदनाम नहीं किया जाना चाहिए कि वे डरकर इंडस्ट्री छोड़ने पर मजबूर हो जाएं।

कम उम्र की हीरोइन के साथ काम करने पर भी दिया जवाब

गोविंदा ने कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम करने को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के कई बड़े कलाकारों ने अपने करियर में युवा अभिनेत्रियों के साथ काम किया है और इससे किसी के काम पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।

उनका कहना था कि वह भी फिल्मों में युवा नजर आ सकते हैं और किसी अभिनेत्री के साथ काम करना अपने आप में गलत नहीं है।

गोविंदा ने ‘ग्रुप’ पर भी लगाए आरोप

अभिनेता ने अपने खिलाफ चल रही चर्चाओं के पीछे एक ग्रुप के होने का भी संकेत दिया। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग उनकी इमेज और बिजनेस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

गोविंदा ने कहा कि उनके पीछे कौन लोग हैं, इस बारे में बहुत से लोग जानते हैं और आने वाले समय में सच्चाई सामने आ सकती है। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति या ग्रुप का नाम नहीं लिया।

पब्लिक बयान न देने की अपील

गोविंदा ने अंत में सुनीता से सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में इस तरह की बातें न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी न किसी मौके पर दोनों का सामना हो सकता है, इसलिए इस तरह के बयान देने और अपमानजनक भाषा से बचना बेहतर होगा।

इस पूरे विवाद के बीच गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी और निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। वहीं, कोमल रानी के साथ गोविंदा की फिल्म ‘रूपा’ भी अब इस विवाद के कारण लोगों की नजरों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *