KNEWS DESK – रणवीर सिंह इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘प्रलय’ को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। लेकिन इन सबके बीच उनकी फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की इस फिल्म से रणवीर सिंह काफी पहले अलग हो चुके हैं। अब कथित तौर पर 45 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन यानी IMPPA को एक लेटर सौंपा है। इसमें उन्होंने ‘डॉन 3’ से जुड़े मामले में हस्तक्षेप न करने की अपील की है। साथ ही उनकी टीम ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ फॉर्मल एग्रीमेंट से इनकार
रणवीर सिंह की लीगल टीम का कहना है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ उनका कोई फॉर्मल एग्रीमेंट नहीं था। दोनों पक्षों के बीच केवल एक MoU होने की बात कही गई है। टीम ने 45 करोड़ रुपये के नुकसान के दावे को भी खारिज किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर की ओर से IMPPA को पहले भी शिकायत खारिज करने की मांग की जा चुकी है। उनका तर्क है कि यह मामला IMPPA के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और यदि दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद है, तो उसका फैसला अदालत में होना चाहिए।
14 अगस्त की बैठक हुई थी पोस्टपोन
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की ओर से 45 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा करते हुए IMPPA में शिकायत की गई थी। इसके बाद 14 अगस्त को मामले पर बैठक होनी थी। हालांकि, बैठक से पहले रणवीर सिंह की कानूनी टीम ने IMPPA को अपना जवाब भेज दिया।
रिपोर्ट में IMPPA के एक सदस्य के हवाले से बताया गया कि रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी भी बैठक में पहुंचे थे। उन्हें बैठक पोस्टपोन होने की जानकारी दी गई।
18 अगस्त की बैठक में फिर सामने आया विवाद
रणवीर सिंह की लीगल टीम की ओर से भेजे गए दूसरे लेटर में कथित तौर पर कहा गया है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट के पास उनके खिलाफ शिकायत करने का कोई आधार नहीं है। साथ ही कहा गया है कि अगर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी इस मामले को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो वे अदालत का रुख कर सकते हैं।
इतना ही नहीं, लेटर में कथित तौर पर यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर IMPPA रणवीर सिंह के खिलाफ कोई प्रस्ताव पारित करता है, तो एक्टर कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे। ऐसे में ‘डॉन 3’ से जुड़ा विवाद अब फिल्म से आगे बढ़कर कानूनी मोड़ लेता नजर आ रहा है।