बिहार में LJP-R विधायक और JDU सांसद से जुड़े ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई, हथियार बरामद

बिहार में आपराधिक मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने LJP-R विधायक अमित रानू और JDU सांसद गिरिधारी यादव से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। विधायक के ठिकाने से ऑटोमेटिक पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि सांसद ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे बिना सर्च वारंट की कार्रवाई बताया है।

Knews Desk- बिहार में आपराधिक मामलों को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में पुलिस ने चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक अमित रानू और जनता दल यूनाइटेड के सांसद गिरिधारी यादव से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। दोनों मामलों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां इलाके में 50 से अधिक लोगों के घरों और जमीन पर बने निर्माण को हटाए जाने के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विधायक अमित रानू के बैरिया स्थित आवास और बेलसंड स्थित कार्यालय-सह-आवास पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान पुलिस को एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नवीन कुमार उर्फ नन्हे और छोटू यादव नाम के दो संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने विधायक के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव को भी मामले में नामजद किया है। साथ ही पूरे मामले में विधायक अमित रानू की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरिधारी यादव के ठिकानों पर भी पुलिस पहुंची

दूसरी ओर, बांका में JDU सांसद गिरिधारी यादव के पैतृक आवास समेत तीन ठिकानों पर पुलिस ने शनिवार देर रात तलाशी ली। सांसद के मुताबिक, पुलिस रात करीब साढ़े 11 बजे देवघर और चांदन स्थित उनके आवास पर पहुंची। इसके अलावा उनके पैतृक गांव स्थित घर पर भी कार्रवाई की गई।

छापेमारी के बाद सांसद गिरिधारी यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि उनके ठिकानों पर बिना सर्च वारंट के तलाशी ली गई, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या तक करार दिया।

पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, पुलिस ने सांसद के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई सांसद को निशाना बनाकर नहीं की गई थी। टीम ओढ़नी डैम के पास अवैध मिट्टी खनन के मामले में आरोपी लालधारी यादव की तलाश में गई थी।

पुलिस के मुताबिक, लालधारी यादव सांसद गिरिधारी यादव के छोटे भाई हैं। बांका के एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम किसी सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने नहीं, बल्कि एक आरोपी की तलाश में गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *