Bantwara 1947: ‘कहां चले गए हो राम’ ने छुआ दिल… सनी देओल की फिल्म का पहला गाना रिलीज होते ही चर्चा में आया

KNEWS DESK – सनी देओल की मच अवेटेड फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘कहां चले गए हो राम’ रिलीज कर दिया है, जिसमें शबाना आजमी का दमदार और भावुक अंदाज देखने को मिल रहा है।

सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म का नया गाना रिलीज कर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

फिल्म के गाने का नाम ‘कहां चले गए हो राम’ है, जिसे भावनाओं से भरपूर बताया जा रहा है। इस गाने में अभिनेत्री शबाना आजमी मुख्य रूप से नजर आ रही हैं। गाने में मां की ममता, दर्द, प्यार और भगवान राम के प्रति आस्था को बेहद भावुक तरीके से दिखाया गया है।

शबाना आजमी के किरदार पर है पूरा फोकस

गाने में शबाना आजमी भगवान राम से प्रार्थना करती दिखाई दे रही हैं। वहीं उनके पीछे सनी देओल और प्रीति जिंटा भी नजर आते हैं, लेकिन पूरे गाने का केंद्र शबाना आजमी का किरदार ही है।

इस भावुक गाने के बोल मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है। गाने को अनुराधा पौडवाल और शान ने अपनी आवाज दी है।

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी है फिल्म

‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि फिल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान हैं। फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी के अलावा अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘आवारापन 2’ से होगा बॉक्स ऑफिस क्लैश

14 अगस्त को रिलीज होने वाली ‘बंटवारा 1947’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ भी होगी। दोनों फिल्मों के एक ही दिन रिलीज होने से दर्शकों को दो बड़ी फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।

जहां ‘बंटवारा 1947’ ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और दमदार स्टारकास्ट को लेकर चर्चा में है, वहीं ‘आवारापन 2’ साल 2007 की कल्ट फिल्म के सीक्वल के तौर पर फैंस के बीच खास उत्साह पैदा कर रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म बाजी मारती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *