KNEWS DESK – अक्षय कुमार अपनी आने वाली मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में एक बिल्कुल नए और मजेदार अवतार में नजर आने वाले हैं। इस बार खिलाड़ी कुमार भोजपुरी अभिनेता का किरदार निभाते दिखाई देंगे। खास बात यह है कि अक्षय पहली बार किसी फिल्म में भोजपुरी स्टार की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में अक्षय कुमार भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि अपने किरदार को असली और मजेदार बनाने के लिए अक्षय ने काफी मेहनत की है। उन्होंने भोजपुरी भाषा, लहजे और बॉडी लैंग्वेज पर खास काम किया है ताकि उनका किरदार पूरी तरह से ऑथेंटिक लगे।
गाने में दिखेगा अलग अंदाज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के एक खास गाने “घिस घिस घिस” में अक्षय कुमार का अंदाज दर्शकों को चौंका देगा। कहा जा रहा है कि इस गाने में वह पूरी तरह भोजपुरी स्टार के रंग में रंगे नजर आएंगे।
सूत्रों का दावा है कि फिल्म के कई सीक्वेंस इतने मजेदार हैं कि दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे। अक्षय का ट्रांसफॉर्मेशन और कॉमिक टाइमिंग फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट मानी जा रही है।
https://www.instagram.com/reels/DYtjuCXt3t-/
फिल्म में अक्षय एक ऐसे भोजपुरी अभिनेता का रोल निभा रहे हैं, जो लोकल सिनेमा से निकलकर ग्लोबल फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचता है। इसी सफर के दौरान फिल्म में कई कॉमिक और मनोरंजक मोड़ देखने को मिलेंगे।
25 मई को रिलीज होगा नया गाना
अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ को फिरोज नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। मेकर्स ने घोषणा की है कि फिल्म का नया गाना 25 मई को दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह गाना फिल्म के सबसे एंटरटेनिंग ट्रैक्स में से एक होगा।
‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर और तुषार कपूर जैसे कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। कॉमेडी और एंटरटेनमेंट से भरपूर यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।