पेट्रोल महंगा पड़ा तो घोड़े पर निकले अक्षय-सुनील, अन्ना के मजेदार पोस्ट ने इंटरनेट पर मचाई धूम

KNEWS DESK – बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी अपकमिंग मल्टीस्टारर फिल्म Welcome to the Jungle को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला। अब फिल्म के प्रमोशन के बीच सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है।

दरअसल, सुनील शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ घुड़सवारी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों सितारे बेहद एनर्जेटिक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि 64 साल के सुनील शेट्टी और 58 साल के अक्षय कुमार का यह अंदाज देखकर फैंस काफी हैरान हैं और उनकी फिटनेस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

हालांकि वीडियो से ज्यादा चर्चा सुनील शेट्टी के मजेदार कैप्शन की हो रही है। अभिनेता ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर मजाकिया अंदाज में तंज कसते हुए लिखा, “पेट्रोल का सीन टाइट है… इसलिए हम घोड़ा चला रहे हैं। ये जबरदस्त सफर बस शुरू ही होने वाला है।” इसके साथ उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट 26 जून 2026 का भी जिक्र किया।

https://www.instagram.com/reels/DYgpSjgieq9/

सुनील शेट्टी के इस पोस्ट पर फैंस लगातार मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कई लोग उन्हें “अन्ना” कहकर उनके स्वैग की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ यूजर्स ने लिखा कि अक्षय और सुनील की जोड़ी आज भी वैसी ही दमदार लगती है जैसी सालों पहले थी।

दरअसल, देश में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा तेज है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण ईंधन महंगा हो गया है। हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार रिएक्ट कर रहे हैं। ऐसे में सुनील शेट्टी का यह मजाकिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की बात करें तो यह ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस सीरीज की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार सफलता मिली थी। यही वजह है कि फैंस इस नई फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टारकास्ट है। अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के अलावा फिल्म में दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, परेश रावल और कई अन्य सितारे नजर आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *