अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर ‘पठान’ और ‘धुरंधर’ को छोड़ा पीछे

अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर भारत में 66.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 95.10 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म ने शाहरुख खान की ‘पठान’, रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़ दिया है।

Knews Desk – अजय देवगन ने साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर अपना सबसे बड़ा कमाल कर दिया है। तीन दशक के करियर में जो कारनामा अब तक नहीं हो सका, वह उनकी फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने कर दिखाया है। फिल्म अजय देवगन के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। इसके साथ ही फिल्म ने कमाई के मामले में शाहरुख खान की ‘पठान’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है।

फिल्म ने यह कारनामा ग्रॉस कलेक्शन के मामले में किया है। वहीं, बॉलीवुड के इतिहास में ‘दृश्यम 3’ को ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ के बाद तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बताया जा रहा है।

ओवरसीज कलेक्शन की बात करें तो फिल्म को वहां भी ठीक-ठाक फायदा मिला है। फिल्म ने विदेशों में 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। अगर ओवरसीज मार्केट में फिल्म की कमाई और ज्यादा होती तो इसका सीधा फायदा इसके वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर पड़ता और फिल्म पहले दिन ही 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर सकती थी।

दृश्यम 3 ने कितने रुपये कमाए?

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने ओपनिंग डे पर भारत में नेट कलेक्शन के मामले में 66.75 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपये रहा है।

ओवरसीज कलेक्शन में फिल्म ने 15 करोड़ रुपये कमाए हैं। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘दृश्यम 3’ का पहले दिन का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 95.10 करोड़ रुपये रहा है।

‘दृश्यम 3’ ने ‘पठान’ और ‘धुरंधर’ को छोड़ा पीछे

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने ओपनिंग डे के ग्रॉस कलेक्शन के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख खान की ‘पठान’ ने ओपनिंग डे पर ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 65.96 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ का ओपनिंग डे ग्रॉस कलेक्शन 76.10 करोड़ रुपये रहा था।

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की बात करें तो भारत में इसका ओपनिंग डे ग्रॉस कलेक्शन 33.60 करोड़ रुपये रहा था। ऐसे में 80.10 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन के साथ ‘दृश्यम 3’ ने इन फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

अब सभी की नजरें फिल्म के पहले वीकेंड के कलेक्शन पर हैं। देखना होगा कि अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड कायम करती है और इसकी कमाई कहां तक पहुंचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *