KNEWS DESK- गांधी जयंती की छुट्टी के साथ शुरू हुए लंबे वीकेंड में बड़ी संख्या में सैलानी और श्रद्धालु पहाड़ों की ओर निकल पड़े हैं। इसका असर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर दिखाई दे रहा है। मसूरी, नैनीताल और केदारनाथ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और कई जगह लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
मसूरी में देहरादून से लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों तक ट्रैफिक की स्थिति खराब है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने से यातायात धीमा हो गया है। कई पर्यटक मसूरी पहुंचने से पहले ही जाम में फंस गए। स्थानीय लोगों को भी इस ट्रैफिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हर लंबे वीकेंड पर मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से ट्रैफिक की समस्या सामने आती है। इस बार भी यही स्थिति बनी हुई है। सोशल मीडिया पर पहाड़ों की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो देखकर बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए निकल पड़े हैं।
नैनीताल में भी हालात अलग नहीं हैं। दिल्ली-एनसीआर से नजदीक होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे हैं। शहर की सड़कों पर कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। जाम में महिलाएं और छोटे बच्चे भी घंटों फंसे हुए हैं। वहीं, केदारनाथ मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। सीतापुर और सोनप्रयाग में पार्किंग पूरी तरह भरने के बाद वाहनों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस भी अलर्ट है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े अपडेट लेते रहें और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।