7 साल बाद फीका पड़ा ‘पति पत्नी और वो’ का जादू! आयुष्मान खुराना की कॉमेडी फिल्म 2 दिन में नहीं दिखा पाई दम

KNEWS DESK – आयुष्मान खुराना की नई फिल्म Pati Patni Aur Woh Do रिलीज से पहले काफी चर्चा में थी. माना जा रहा था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करेगी और आयुष्मान के करियर को एक नई रफ्तार देगी. लेकिन रिलीज के दो दिन बाद जो आंकड़े सामने आए हैं, उन्होंने मेकर्स की चिंता जरूर बढ़ा दी है. फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर जितना हाइप बना था, फिलहाल उसका असर टिकट खिड़की पर नजर नहीं आ रहा है.

पिछले कुछ सालों में Ayushmann Khurrana की फिल्मों का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रहा है. ‘ड्रीम गर्ल’ फ्रेंचाइजी को छोड़ दें, तो उनकी कई फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं. ऐसे में ‘पति पत्नी और वो दो’ से काफी उम्मीदें थीं. हालांकि शुरुआती दो दिनों का कलेक्शन देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म को लंबी रेस के लिए वीकडेज में मजबूत पकड़ बनानी होगी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन करीब 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. दूसरे दिन कलेक्शन में हल्का उछाल जरूर देखने को मिला और फिल्म ने लगभग 5.75 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह दो दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 9.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन करीब 11.70 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.

ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म का प्रदर्शन फिलहाल औसत ही नजर आ रहा है. विदेशों से फिल्म ने दो दिनों में करीब 2 करोड़ रुपये की कमाई की है. ऐसे में इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 13.70 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. हालांकि फिल्म का बजट करीब 60 से 65 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, इसलिए मेकर्स को आने वाले दिनों में बेहतर कमाई की उम्मीद होगी.

अब सबकी नजर रविवार के कलेक्शन पर टिकी हुई है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो पहले वीकेंड में 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है. लेकिन असली चुनौती सोमवार से शुरू होगी, क्योंकि वीकडेज में फिल्म को स्थिर कमाई बनाए रखना आसान नहीं होगा.

दिलचस्प बात यह है कि इस फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म में Kartik Aaryan नजर आए थे और उस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था. साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ने पहले दिन 10.50 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 14 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. यानी सिर्फ दो दिनों में फिल्म करीब 25 करोड़ रुपये कमा चुकी थी. ऐसे में मौजूदा आंकड़ों की तुलना में आयुष्मान की फिल्म काफी पीछे नजर आ रही है.

फिल्म में Wamiqa Gabbi, Rakul Preet Singh और Sara Ali Khan भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं. हालांकि ऑडियंस से फिल्म को फिलहाल मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना टिक पाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *