knews desk – बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने अपनी अगली फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने ‘सैयारा’ फेम डायरेक्टर मोहित सूरी के साथ हाथ मिलाया है. राम गोपाल वर्मा ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि वह इस फिल्म को को-प्रोड्यूस करेंगे, जबकि मोहित सूरी इसके निर्देशक होंगे. उन्होंने दावा किया कि फिल्म का स्केल रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से भी बड़ा होगा.
राम गोपाल वर्मा ने किया बड़ा खुलासा
राम गोपाल वर्मा ने एक्स पर लिखा, “फिल्म के बारे में बता दूं कि मैं उसे को-प्रोड्यूस कर रहा हूं और मोहित सूरी डायरेक्टर होंगे. हां, मैंने स्क्रिप्ट लिखी है, लेकिन उन्होंने इसे एक अलग ही ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.”
फिल्म की कहानी लिखने वाले राम गोपाल वर्मा ने बताया कि मोहित सूरी ने उनके विजन को अपने अंदाज में पेश किया है. फिल्म में इमोशनल म्यूजिक और अल्ट्रा रियलिस्टिक एक्शन देखने को मिलेगा.
दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन की गैंगवार पर कहानी
राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, फिल्म की कहानी दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के बीच हुए गैंगवार के दौर पर आधारित है. इसमें सत्या नाम के एक शख्स की वजह से दोनों के बीच आई दरार और उसके बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों की भूमिका को दिखाया जाएगा. कहानी 1993 के सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद की कुछ प्रमुख घटनाओं से भी जुड़ी होगी.
हालांकि, फिल्म के कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फैंस को इस प्रोजेक्ट से जुड़े अगले अपडेट का इंतजार है.
‘धुरंधर’ से बड़ा होगा फिल्म का स्केल
राम गोपाल वर्मा ने अपनी फिल्म की तुलना रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से करते हुए कहा कि वह सिर्फ उदाहरण के तौर पर इसका जिक्र कर रहे हैं. उन्होंने मोहित सूरी के विजन की तारीफ करते हुए दावा किया कि फिल्म ‘धुरंधर’ से भी बड़े पैमाने पर बनाई जाएगी.
उन्होंने आगे कहा कि मोहित सूरी की किरदारों पर पकड़ इस फिल्म को खास बनाएगी. साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म उनकी चर्चित फिल्म ‘सत्या’ से भी ज्यादा जमीन से जुड़ी होगी.
राम गोपाल वर्मा और मोहित सूरी की यह पहली साझेदारी है. ऐसे में गैंगस्टर ड्रामा और इमोशनल कहानी के मेल से बनने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है