Knews Desk- नए राशन कार्ड को सक्रिय कराने से पहले अब ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। जिले में 10 हजार से अधिक आवेदन लंबित हैं, जिनका सत्यापन कराया जा रहा है।
नया राशन कार्ड बनवाने वाले लाभार्थियों को अब कार्ड सक्रिय कराने के लिए तत्काल ई-केवाईसी करानी होगी। बिना ई-केवाईसी के नए राशन कार्ड पर राशन का लाभ नहीं मिल सकेगा। नई व्यवस्था के तहत आवेदन के बाद पत्रावली पूर्ति निरीक्षक से होते हुए जिला पूर्ति अधिकारी के पास पहुंचेगी।
डिजिटल हस्ताक्षर और पात्रता की जांच पूरी होने के बाद राशन कार्ड जारी किया जाएगा, लेकिन इसे सक्रिय कराने के लिए ई-केवाईसी जरूरी होगी। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने लाभार्थियों से समय पर केवाईसी कराने की अपील की है।
वहीं, जिले में लंबे समय से खाली पड़ी 22 उचित दर दुकानों को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन दुकानों का आवंटन महिला स्वयं सहायता समूहों को किया जाएगा। इससे उन गांवों और क्षेत्रों में राशन वितरण की सुविधा बेहतर होगी, जहां दुकानें रिक्त होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी।