पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले COEP हॉस्टल में बवाल, NSUI-ABVP कार्यकर्ताओं पर केस

KNEWS DESK- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शनिवार को पुणे में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (COEP) के हॉस्टल में देर रात तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। मामले में पुलिस ने करीब 40 से 50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विवाद को लेकर NSUI और ABVP ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। NSUI के प्रतिनिधियों का आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने या उसका समर्थन करने की बात को लेकर ABVP से जुड़े लोगों ने कुछ छात्राओं को धमकाया। आरोप है कि छात्राओं को उनके कमरों में बंद किया गया और उनके साथ मारपीट भी की गई।

वहीं, ABVP ने NSUI के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि NSUI के लोग छात्रों पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दबाव बना रहे थे। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि NSUI कार्यकर्ताओं ने छात्राओं के साथ मारपीट की। इस तरह दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर छात्रों को प्रभावित करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार समेत पार्टी के कई नेता देर रात COEP परिसर पहुंचे। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का समर्थन करने वाली दो छात्राओं को ABVP कार्यकर्ताओं ने धमकाया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने इसे छात्रों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश बताया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वडेट्टीवार ने पुलिस पर भी छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। झड़प के दौरान कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए संचेती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। बाद में कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की।

कॉलेज परिसर में बढ़ाया गया सुरक्षा इंतजाम

घटना के बाद देर रात दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर में जुटने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की। तनाव को देखते हुए कॉलेज और हॉस्टल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुणे पुलिस और प्रशासन राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पहले से ही सतर्क है। हॉस्टल में हुई झड़प के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।

छात्राओं से संवाद करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शनिवार, 22 अगस्त को पुणे में आयोजित होना है। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्राओं और छात्रों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं तथा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हालांकि, कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले COEP हॉस्टल में हुई झड़प ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों छात्र संगठनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *