KNEWS DESK– पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे संकट को लेकर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने TMC की मौजूदा स्थिति को पार्टी के ‘अहंकार’ और ‘भगवान राम के श्राप’ का परिणाम बताया।
राज्य सचिवालय नवान्न में विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी पक्षों को सुनने के बाद नियमों के तहत तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर फैसला लिया है। उन्होंने दावा किया कि इस फैसले में भाजपा की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।
शुभेंदु ने कहा कि ममता बनर्जी अपनी पार्टी को एकजुट नहीं रख सकीं और पार्टी दो, तीन या चार गुटों में बंट गई। उन्होंने इसके लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार बताया।
भाजपा नेता ने संस्कृत के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि अहंकार का अंत अंततः ईश्वर के हाथों होता है। उन्होंने TMC नेताओं के पुराने बयानों और राजनीतिक रुख का भी जिक्र किया, जिनके बारे में उनका दावा है कि उनसे हिंदू भावनाएं आहत हुईं।
शुभेंदु ने हिंदू धर्म, महाकुंभ और अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े TMC नेताओं के कथित बयानों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं के कारण पार्टी को ‘भगवान राम का श्राप’ मिला और यही उसके मौजूदा संकट का कारण है।