बैंक में हर शनिवार छुट्टी का दावा फर्जी, सरकार ने नहीं जारी किया ऐसा कोई आदेश

KNEWS DESK- सोशल मीडिया पर बैंकों की छुट्टियों से जुड़ा एक फर्जी नोटिफिकेशन तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि देश के सभी सरकारी बैंकों में अब हर शनिवार को छुट्टी रहेगी। इस खबर के सामने आने के बाद बैंक ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।

वायरल दस्तावेज को केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के नाम से जारी बताया जा रहा है। इसमें दावा है कि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत सभी सरकारी बैंकों में हर शनिवार को कामकाज बंद रहेगा और इसे सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। कई लोग इस मैसेज को सच मानकर आगे भी शेयर कर रहे हैं।

हालांकि, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की पड़ताल के बाद इसे फर्जी बताया है। PIB ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार या वित्त मंत्रालय की ओर से बैंकों में हर शनिवार छुट्टी को लेकर ऐसा कोई आदेश या गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

बैंकों में शनिवार की छुट्टी को लेकर मौजूदा नियमों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार देश के बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। वहीं पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं।

इसका मतलब है कि अगर किसी महीने में पांच शनिवार पड़ते हैं, तो तीन शनिवार को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहती हैं। ग्राहकों को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे नोटिफिकेशन पर भरोसा करने के बजाय छुट्टियों की जानकारी के लिए संबंधित बैंक या आधिकारिक सरकारी स्रोतों से जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *