बीकाजी के चेयरमैन शिव रतन अग्रवाल का निधन, भुजिया को ग्लोबल पहचान देने वाले उद्योगपति नहीं रहे

डिजिटल डेस्क- भारतीय स्नैक इंडस्ट्री के दिग्गज और बीकाजी फूड इंटरनेशनल के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर शिव रतन अग्रवाल का गुरुवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। वे अपनी पत्नी के इलाज के सिलसिले में परिवार के साथ वहां ठहरे हुए थे। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके निधन की खबर से उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, उनकी पत्नी की हाल ही में हार्ट बायपास सर्जरी हुई थी और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। इसी वजह से शिव रतन अग्रवाल पिछले करीब 10 दिनों से चेन्नई में ही रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उन्होंने असहज महसूस किया, जिसके बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई।

वर्ष 1993 में शुरू किया बीकाजी फूड इंटरनेशनल

शिव रतन अग्रवाल का सफर एक छोटे कारोबार से शुरू होकर एक ग्लोबल ब्रांड बनाने तक का रहा। उन्होंने साल 1993 में बीकानेर में बीकाजी फूड इंटरनेशनल की नींव रखी। हालांकि उनकी कारोबारी यात्रा इससे पहले ही शुरू हो चुकी थी। पारिवारिक व्यवसाय हल्दीराम से अलग होने के बाद उन्होंने खुद का रास्ता चुना और ‘शिवदीप फूड्स प्रोडक्ट्स’ के नाम से भुजिया बनाने का काम शुरू किया। उनकी सोच स्पष्ट थी भारतीय पारंपरिक स्वाद को नई पहचान देना। इसी विजन के साथ उन्होंने अपने ब्रांड का नाम ‘बीकाजी’ रखा, जो बीकानेर के संस्थापक राव बीका से प्रेरित है। सीमित संसाधनों और कम पढ़ाई (सिर्फ आठवीं तक) के बावजूद उन्होंने अपने दम पर एक बड़ा व्यवसाय खड़ा किया।

भुजिया शुरू करने वाला पहला ब्रांड बना बीकाजी

शिव रतन अग्रवाल की सबसे बड़ी खासियत उनकी दूरदर्शिता और नवाचार की सोच थी। उन्होंने उस दौर में तकनीक को अपनाया, जब पारंपरिक तरीके से ही भुजिया बनाई जाती थी। विदेशों की यात्रा कर उन्होंने आधुनिक मशीनों और उत्पादन तकनीक को समझा और भारत में लागू किया। बीकाजी देश का पहला ऐसा ब्रांड बना जिसने मशीनों के जरिए भुजिया का उत्पादन शुरू किया। इससे न सिर्फ उत्पादन क्षमता बढ़ी, बल्कि गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ। आज बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी एक मजबूत पहचान बना चुका है। कंपनी अपने उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक पैकेजिंग और वैश्विक मानकों के पालन के लिए जानी जाती है। मध्य पूर्व, अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों में बीकाजी के उत्पाद लोकप्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *