बंगाल में वोटिंग के बीच बवाल, आसनसोल में पथराव, नंदीग्राम में टीएमसी-बीजेपी आये आमने-सामने

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में जारी विधानसभा चुनाव के बीच जहां एक ओर मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल से तनाव और विवाद की खबरें भी सामने आ रही हैं। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान के दौरान कई इलाकों में राजनीतिक टकराव और आरोप-प्रत्यारोप ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है। पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की गाड़ी पर पथराव की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि रहमत नगर इलाके में कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। घटना के बाद अग्निमित्रा पॉल ने हिरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

वहीं, नंदीग्राम में सियासी तनाव और बढ़ गया है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ अधिकारी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं और भाजपा के पक्ष में झुकाव दिखा रहे हैं। राज्य मंत्री शशि पांजा ने कहा कि टीएमसी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल से मुलाकात कर इस मुद्दे पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग भी की है। इसी बीच पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर सीट से टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप सरकार ने भी चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पोस्टर हटाकर उनकी जगह भाजपा के झंडे लगाए गए हैं, यहां तक कि मतदान केंद्रों के बाहर भी ऐसा किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्रीय बलों ने शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा दिया था, तो इस तरह की घटनाएं कैसे हो रही हैं।

234 सीटों पर चल रहा है मतदान

राज्य में मतदान के दौरान इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर बंगाल के चुनावों में हिंसा और टकराव के पुराने इतिहास की याद दिला दी है। हालांकि चुनाव आयोग और प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। दूसरी ओर, तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है, जहां अब तक स्थिति काफी हद तक शांतिपूर्ण बनी हुई है। दोनों राज्यों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिनमें केंद्रीय बलों की तैनाती, संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी और वेबकास्टिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *