Knews Desk- ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में महेश, उनकी पत्नी ललिता और तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार रात में नूडल्स खाने और चाय पीने के बाद सोया था। पुलिस फूड पॉइजनिंग समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में 38 वर्षीय महेश, उनकी 36 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, परिवार रात में नूडल्स खाने और चाय पीने के बाद सो गया था।
शनिवार सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर पहुंचने पर परिवार के सभी सदस्य बेड पर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें जगाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने रसोई से चाय के बर्तन, नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या, जहरीले पदार्थ के सेवन और साजिश समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही पांचों की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।