KNEWS DESK- संसद के विशेष सत्र से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक सदन में पूरे समय मौजूद रहने और केंद्र सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले तीनों विधेयकों के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया है।
सपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक और सांसद धर्मेंद्र यादव ने 28 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया। इसमें लोकसभा में पार्टी के सभी सदस्यों को विशेष सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने और मतदान के समय सरकार के विधेयकों के विरोध में वोट करने के लिए कहा गया है।
तीन महत्वपूर्ण विधेयक होंगे पेश
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान केंद्र सरकार संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। सपा ने इन तीनों विधेयकों के विरोध का फैसला किया है।
व्हिप क्या होता है?
व्हिप संसदीय दल की ओर से जारी किया जाने वाला आधिकारिक निर्देश होता है। इसके जरिए पार्टी अपने सांसदों को किसी खास मुद्दे या विधेयक पर मतदान के संबंध में निर्देश देती है। सपा ने अपने तीन लाइन के व्हिप में सांसदों को सदन में मौजूद रहने और तीनों विधेयकों के खिलाफ मतदान करने के लिए कहा है।
सपा के इस फैसले से साफ है कि पार्टी विशेष सत्र के दौरान सरकार के तीनों विधेयकों का विरोध करेगी। व्हिप के जरिए पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को मतदान के दौरान एकजुट रखने की तैयारी की है।