पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश, इन राज्यों में बारिश बढ़ाएगी ठंड

KNEWS DESK- ठंड ने उत्तर भारत के कई राज्यों में दस्तक दे दी है। बात अगर राजधानी दिल्ली की करें तो दिल्ली में सुबह के समय कोहरा पड़ रहा है। दिन के समय में आसमान पर हल्के बादल छाए रहते है। हल्की हवा चलने से तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा रही है। जिससे दिल्लीवासियों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहा है। ठंड के बीच दिल्लीवासियों को अभी भी प्रदूषण से निजात नहीं मिल रही है। दिल्ली की आबोहवा अभी भी जहरीली बनी हुई है। दिल्ली के कई इलाकों का AQI लेवल 450के पार बना हुआ है। दिल्ली का औसत AQI लेवल 475 है। लोधी रोड में 400, ओखला फेज-2 में 468, बवान में 452 दर्ज किया गया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो यहां बारिश का दौर चल रहा है। तमिलनाडु के कई जिलों में अभी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में चेन्नई केरल, माहे और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में बारिश हो सकती है।

पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस में पहुंच गया है। इन तीनों राज्य के कई क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। साथ ही जगह-जगह हल्की बारिश भी हो रही है। इन इलाकों में बर्फबारी और शीतलहर के चलते मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड

राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्दी के साथ ही यहां के कई जिलों में हल्की बारिश हुई है। शुक्रवार को राजस्थान का फतेहपुर शहर सबसे ठंडा रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में 2.8 और चुरू में 4.2 डिग्री तापमान रहा है।

ओडिशा में ठंड का असर देखा जा रहा है। राज्य के कई जिलों का तापमान 10 डिर्गी तक पहुंच गया है। शीतलहर के चलते ठंड बढ़ गई है। सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ रहा है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार कंधमाल जिले सबसे ठंडा रहा है। यहां का तापमान शुक्रवार को 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई जिलों का तापमान 10 सेल्सियस से नीचे रहा है।

ये भी पढ़ें-    कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी साक्षी मलिक, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से की मुलाकात

About Post Author