कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी साक्षी मलिक, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से की मुलाकात

KNEWS DESK- WFI अध्यक्ष संजय सिंह बने हैं जिसके बाद पहलवान साक्षी मलिक ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। साथ ही बजरंग पूनिया ने संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के विरोध में अपना पद्मश्री लौटाने का फैसला किया है। अब खबर ये भी आ रही है कि साक्षी मलिक ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक साक्षी मलिक हरियाणा से चुनाव भी लड़ सकती हैं।

एक इंटरव्यू में जब साक्षी से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, अभी ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि पहलवानों की लड़ाई बृजभूषण के खिलाफ थी। हम चाहते थे कि फेडरेशन से उसका कब्जा खत्म हो जाए। सरकार से हमारी बात भी हुई थी कि किसी महिला को फेडरेशन का अध्यक्ष बनाया जाए ताकि महिला पहलवानों के शोषण की शिकायतें न आएं, सरकार ने हमारी मांग को स्वीकार करने का आश्वासन भी दिया था लेकिन नतीजा सबके सामने है, बृजभूषण का राइट हैंड और बिजनेस पार्टनर ही फेडरेशन का अध्यक्ष बन गया।

साक्षी मलिक ने कहा, अभी ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। मैंने रेसलिंग छोड़ी है। अभी दुख में हूं। इससे निकलने के लिए थोड़ा समय चाहिए। भविष्य में क्या करना पड़ जाए, इसके बारे में कहा नहीं जा सकता, लेकिन अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। दरअसल, साक्षी और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को प्रियंका गांधी से मुलाकात की। जब साक्षी से पूछा गया कि ये आंदोलन पहलवान बनाम बृजभूषण से बीजेपी बनाम कांग्रेस हो गया है। इस पर साक्षी ने कहा, आज हम दुखी हैं, कोई सपोर्ट करने आता है तो इससे हमें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी से भी कोई नेता हमें सपोर्ट करने आएगा, तो हम उसका भी स्वागत करेंगे।

प्रियंका गांधी ने पहलवानों की लड़ाई में हर तरह से समर्थन देने का आश्वासन दिया। प्रियंका ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवानों ने भाजपा सांसद पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी अब भी आरोपी के साथ खड़ी है और देश की महिलाएं इन अत्याचारों को देख रही हैं। जब पहलवान प्रियंका गांधी से मिलने गए तो कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे। दीपेंद्र हुड्डा ने इससे पहले साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से अपने आवास पर मुलाकात की, जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें-   मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं कश्मीर में बंद, हेलीकॉप्टर की मदद से चल रहा है तलाशी अभियान

About Post Author