दिल्ली सरकार में आज जुड़ेगा नया अध्याय सौरभ भारद्वाज और आतिशी मंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण करेंगे

दिल्ली,  मनीष सिसोदिया और सतेन्द्र जैन का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद से ही आम आदमी पार्टी में दो मंत्रियो की जगह खाली थी जो आज भर जाएगी| आज सौरभ भारद्वाज और आतिशी बतौर मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे।  दिल्ली सरकार में दो मंत्रियों की खाली जगह को सौरभ और आतिशी भरने वाले हैं।

बता दें कि, सौरभ भारद्वाज लगातार तीसरी बार ग्रेटर कैलाश से विधायक बने हैं। पहली बार 49 दिन की केजरीवाल सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था, लेकिन दूसरी बार सरकार की जगह संगठन में लगाया गया। इस बीच वे संगठन के लिए काम करते रहे। तीसरी बार विधायक बनने और राघव चड्ढा के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्हें दिल्ली जल बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया। वे पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और अन्ना आंदोलन से भी जुड़े थे।

2013 में पहली बार चुनाव लड़ने वाले सौरभ ने ग्रेटर कैलाश से भाजपा के दिग्गज नेता विजय कुमार मल्होत्रा के बेटे अजय कुमार मल्होत्रा को हराया था। 28 दिसंबर 2013 से 14 फरवरी 2014 तक परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद से सौरभ आम आदमी पार्टी की सियासत में आगे बढ़ते गए। वर्ष 1979 को जन्मे सौरभ ने 2003 में आईपी यूनिवर्सिटी के भारतीय विद्या पीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग पूरी की। इसके बाद उस्मानिया यूनिवर्सिटी से वकालत की पढ़ाई कर कानूनी सहायता देकर गरीबों की मदद करने लगे। भारद्वाज ने यूएस और यूके में भी काम किया है। वे माइक्रोचिप और कोडिंग के विशेषज्ञ रहे हैं।

वही दूसरी तरफ कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी पहली बार कैबिनेट मंत्री बनेंगी। 2020 में पहली बार वे विधायक बनीं। आतिशी केजरीवाल सरकार के साथ लंबे समय से काम कर रही हैं। आतिशी की पढ़ाई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने सेंट स्टीफेंस कॉलेज से बैचलर डिग्री हासिल की। डीयू से पढ़ाई करने के बाद रोड्स स्कॉलशिप हासिल कर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी लंदन से मास्टर्स किया। राजनीति में आने से पहले आतिशी ने आंध्रप्रदेश के ऋषि वैली स्कूल में इतिहास पढ़ाती थीं। उन्होंने कई स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ भी काम किया हैं। वे अन्ना आंदोलन के समय केजरीवाल के संपर्क में आईं।

About Post Author