‘राहुल गांधी जी, आपका नंबर नहीं लगने वाला’, अमित शाह का INDIA गठबंधन की महारैली पर तंज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली और मॉक पार्लियामेंट को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना है, तो वे ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहें, लेकिन उनका नंबर नहीं लगने वाला।

Knews Desk – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए INDIA गठबंधन की महारैली पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी जी से कहना चाहता हूं कि आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए। आपका नंबर नहीं लगने वाला है।” अमित शाह पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित रैली में बोल रहे थे।

अमित शाह ने पंजाब में NDA की सरकार बनाने की बात दोहराई। उन्होंने 1 नवंबर 1984 को हुए सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि इन दंगों में हजारों सिखों को मार दिया गया था। उन्होंने राजीव गांधी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। शाह ने आरोप लगाया कि ऐसा कांग्रेस के नेताओं के अलावा कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने दंगा करने वालों के केस दोबारा खुलवाए और कांग्रेस नेताओं को जेल में डाला।

शाह ने कहा कि भारत ने ऐसे राज्य प्रेरित दंगे पहले कभी नहीं देखे थे और न ही कहीं देखे जाएंगे। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजीव गांधी के पुत्र ने दंगों के जख्मों पर नमक छिड़कने के लिए दिल्ली में महारैली आयोजित की है। शाह ने कहा, “मोहब्बत की दुकान से सिर्फ नफरत ही निकलेगी।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आज के दिन कार्यक्रम करने के लिए विदेश से उनकी पार्टी को आदेश मिला है।

अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित रैली से व्यापारियों को भारी नुकसान होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है और आने वाले तीन सालों में भी ऐसा नहीं होगा। शाह ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब और देश को ड्रग्स मुक्त बनाया जाएगा।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अमित शाह ने राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद नहीं चलने देते, क्योंकि वे महिलाओं को आरक्षण नहीं दिलवाना चाहते। शाह ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को आरक्षण दिलवाकर रहेगी।

अमित शाह ने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि 2029 के चुनाव में सबका हिसाब हो जाएगा। जनता यह तय करेगी कि कौन देश को सुरक्षित बना रहा है और कौन देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *