राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जारी किया ₹200 का स्मारक सिक्का, जानिए इसकी खासियत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ दौरे के पहले दिन माता हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। सिक्के के जारी होने पर सिंधी समुदाय में खुशी और गर्व का माहौल है।

Knews Desk – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में माता हासी देवी की 200वीं जयंती के पावन अवसर पर 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर सिंधी समुदाय में खुशी और गर्व की लहर देखने को मिल रही है। समुदाय के लिए इसे ऐतिहासिक और अविस्मरणीय सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

स्मारक सिक्के का गरिमापूर्ण समारोह में अनावरण किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। सिक्के पर माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है। इसके एक तरफ अशोक स्तंभ और 200 रुपये का मूल्य दर्शाया गया है। 35 ग्राम वजन वाला यह सिक्का चार अलग-अलग धातुओं से बनाया गया है। इसे ऑनलाइन बुक किया जा सकता है।

भारत सरकार की ओर से जारी इस स्मारक सिक्के को माता हासी देवी के आध्यात्मिक जीवन, सेवा और मानव कल्याण के संदेश के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लोगों के लिए यह अपनी विरासत और पूज्य माता हासी देवी के योगदान को याद करने का विशेष अवसर है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस अवसर पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोक भवन, रायपुर में सिंधी समाज की पूज्य संत एवं शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये के स्मारक सिक्के का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिक्का माता हासी देवी के महान आध्यात्मिक जीवन, सेवा और मानव कल्याण के संदेश के प्रति राष्ट्र की श्रद्धा का प्रतीक है। उनकी प्रेरणादायी विरासत सदैव समाज का मार्गदर्शन करती रहेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान नुआखाई त्योहार और बस्तर दशहरा से जुड़े कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी। उनके दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *