पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष को लेकर सियासी घमासान, हाईकोर्ट ने रद्द की ऋतब्रता की नियुक्ति

KNEWS DESK- कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष के तौर पर ऋतब्रता बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने इस नियुक्ति को अमान्य करार देते हुए विधानसभा अध्यक्ष को मामले पर दोबारा विचार करने और ठोस कारणों के साथ नया आदेश जारी करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को राहत मिली है, जबकि बागी विधायकों का नेतृत्व कर रहे ऋतब्रता बनर्जी को झटका लगा है।

मामला तब शुरू हुआ जब तृणमूल कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी ने शोभनदेब चटर्जी को विपक्ष का नेता चुना था। इसके बाद ऋतब्रता बनर्जी और एंटाली विधायक संदीपन साहा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 1 जून को पार्टी से निकाल दिया गया। 3 जून को नाराज टीएमसी विधायकों ने ऋतब्रता को विपक्ष का नेता चुनते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा। इसके आधार पर स्पीकर ने ऋतब्रता को नेता प्रतिपक्ष घोषित कर दिया था।

शोभनदेब चटर्जी ने स्पीकर के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया। मामले में कोर्ट ने स्पीकर की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने यह भी पूछा था कि क्या विपक्षी पार्टी के संविधान और उसके फैसले पर विचार किए बिना नेता प्रतिपक्ष का चयन किया जा सकता है।

हाईकोर्ट ने पहले भी कहा था कि विधानसभा अध्यक्ष राजनीतिक दल से जुड़े होने के बावजूद अपने संवैधानिक दायित्व निभाते समय निष्पक्ष रहें। कोर्ट ने माना था कि नेता प्रतिपक्ष के चयन में केवल विधायकों की संख्या ही नहीं, बल्कि संबंधित राजनीतिक पार्टी के फैसले पर भी विचार किया जाना चाहिए।

अब हाईकोर्ट ने ऋतब्रता बनर्जी की नियुक्ति रद्द करते हुए स्पीकर को नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है। इससे पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के भीतर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *