KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले परिसीमन का मुद्दा सियासी बहस के केंद्र में है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह यूपी का चुनाव जीतने के लिए परिसीमन बिल लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी भूल साबित होगी और इस मुद्दे पर अभी नंबरों का खेल चलेगा।
अखिलेश यादव ने सरकार के बड़े फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और चीन के सीमाओं की तरफ बढ़ने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि सरकार को महंगाई, भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद फॉर्म-6 में 22 गुना बढ़ोतरी हुई है और बड़े पैमाने पर फर्जी वोटर जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में 2 लाख 84 हजार कथित फर्जी वोटर जोड़े जाने का दावा किया। साथ ही चुनाव आयोग से सवाल किया कि सपा द्वारा दी गई डुप्लीकेट वोटरों की सूची में अब तक कितने नाम हटाए गए हैं।
अखिलेश ने अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग इन तबादलों पर ध्यान नहीं दे रहा है। केशव प्रसाद मौर्य के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर दिए बयान पर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि ‘फूल नहीं, फूल (Fool) कमल’। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भविष्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी से वर्तमान मुख्यमंत्री का नाम गायब हो गया है।
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बुलडोजर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रिय खेल और प्रिय मशीन बताया। साथ ही आरोप लगाया कि PDA आंदोलन से सरकार घबरा गई और सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज करा दिए।