KNEWS DESK- केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन के जरिए महिलाओं को आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जाएगी। यह व्यवस्था 2051 तक लागू रहने की बात कही गई है। सरकार ने लोकसभा का सत्र 30 नवंबर से बुलाया है और अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद परिसीमन विधेयक को संसद में पेश किए जाने की संभावना स्पष्ट हो गई है।
दक्षिण भारत के राज्यों की ओर से लगातार यह चिंता जताई जा रही थी कि परिसीमन के बाद लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है। सरकार के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों को समान अनुपात में बढ़ाने की बात कही गई है। इसी मुद्दे पर विचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें सभी मंत्रियों को मौजूद रहने के लिए कहा गया था।
परिसीमन के बाद लोकसभा में कुल सीटों की संख्या 850 तक पहुंच सकती है। सरकार ने परिसीमन विधेयक के साथ महिला आरक्षण को भी जोड़ दिया है। इसके तहत 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने का रास्ता साफ होने की बात कही गई है।
प्रस्ताव के अनुसार उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। बिहार में 40 से बढ़कर 60, महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और तमिलनाडु में 39 से करीब 59 सीटें हो सकती हैं।
वहीं, एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें परिसीमन विधेयक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि एजेंडा मिलने के बाद ही वह इस पर कुछ कह सकती हैं और उन्होंने अभी तक विधेयक देखा भी नहीं है। हालांकि, इससे पहले उन्होंने देशहित में विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए थे।
उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि बिल पास कराने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग की जा रही है और 150 करोड़ रुपये में वोट खरीदा जा रहा है। राउत ने बिल का समर्थन करने वालों को 21वीं सदी का सबसे बड़ा गद्दार बताया था। दूसरी ओर, डीएमके के समर्थन की भी चर्चा है, हालांकि एमके स्टालिन ने बिल को लेकर अपने रुख पर कायम रहने की बात कही है।