देश में बढ़ती गर्मी पर PM मोदी चिंतित, लोगों से कही ये बड़ी बात

KNEWS DESK- देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने और एक-दूसरे का ध्यान रखने की अपील की है। लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप के कारण कई राज्यों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई हिस्सों में लोग तेज गर्मी और गर्म हवाओं से परेशान हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों से कहा कि इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी। पीएम मोदी ने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच संवेदनशीलता और मानवता दिखाना भी जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर संभव हो तो जरूरतमंद और प्यासे लोगों को पानी जरूर पिलाएं। साथ ही उन लोगों की भी सराहना की, जो अपने घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने गर्मी से होने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि चक्कर आना, कमजोरी, मतली या अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर किसी की तबीयत बिगड़ती नजर आए तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ देना चाहिए।

पीएम मोदी ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर सावधानी न बरती जाए तो हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के लिए भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपने घरों, बालकनियों, छतों और दुकानों के बाहर पानी से भरे बर्तन रखने की अपील की, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों और जानवरों को राहत मिल सके।

देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारें लोगों को सावधानी बरतने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दे रही हैं।