IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पहुंचे PM मोदी, बोले- ‘चुनौतियों को चुनौती दिए बगैर नहीं रह सकता’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में छात्रों और प्रोफेसर्स से बातचीत की। उन्होंने संस्थान की 75 साल की यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि चुनौतियों से हार मानना अपने सपनों को सीमित करना है।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (21 नवंबर) को पश्चिम बंगाल पहुंचे और IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों और प्रोफेसर्स से बातचीत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने IIT खड़गपुर की 75 साल की यात्रा को ऐतिहासिक बताया और कहा कि संस्थान लगातार नए कीर्तिमान रच रहा है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बगैर नहीं रह सकता।’ उन्होंने कहा कि चुनौतियों से हार मानना सपनों को सीमित करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी क्षमता इस बात से तय होती है कि हम कितनी चुनौतियों का सामना करने का साहस रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनौतीपूर्ण चुनौतियों को स्वीकार किए बिना नहीं रह पाते और अक्सर लोग खुद पर ही सीमाएं थोप लेते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अपनी स्थापना के 75 सालों में IIT खड़गपुर ने बहुत सारे मील के पत्थर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि इन 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले IIT के तौर पर IIT खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, तब IIT खड़गपुर का 75 सालों का अनुभव देश के विकास और देश के इनोवेशन प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान आज के Aspirational India के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेगा।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम में पहुंचने में हुई देरी के लिए भी लोगों से क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में उनके सामने भारत का वर्तमान और भविष्य जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि 75 सालों की इस यात्रा में देश ने बहुत कुछ बदलते हुए देखा है और IIT खड़गपुर ने इस बदलाव में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने संस्थान के सभी टीचर्स और छात्रों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने IIT खड़गपुर से जुड़ी अपनी कुछ यादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर की कुछ यादें ऐसी हैं, जो जिंदगीभर याद रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे संस्थानों में हॉस्टल होते हैं, लेकिन IIT खड़गपुर में हॉल होते हैं और हर स्टूडेंट को अपने हॉल पर गर्व होता है।

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की यह धरती वह धरती है, जहां विचारों को बल मिला है और जहां से राष्ट्रीय आंदोलन बने हैं। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर उसी जगह पर बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए कि जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, वे दिनभर क्या बातें करते होंगे और क्या सोचते होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय की उनकी जिंदगी, सोच और गतिविधियां आज भी पूरे वातावरण में एक मंत्र की तरह गूंजती होंगी और विद्यार्थियों को प्रेरणा देती होंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। भारत ने डंके की चोट पर कहा है कि ‘ब्रेक द लिमिट, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज।’

स्पेस सेक्टर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने अपने Space sector को देश के नौजवानों के लिए खोल दिया है। उन्होंने IIT खड़गपुर से निकले छात्र पवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने Skyroot Aerospace बनाकर भारत को पहला private rocket लॉन्च करने का गौरव दिलाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ऐसे बहुत सारे Space Startups भारत के space program को नई स्पीड से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी ये चीजें असंभव लगती थीं, लेकिन आज ये reality हैं और IIT खड़गपुर के Alumni ने Impossible को Possible करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

गरीबी के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि 20 साल पहले तक देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था। उन्होंने कहा कि पांच दशक पहले भी लाल किले से गरीबी मिटाने के नारे लगाए जाते थे, लेकिन नीति बनाने के समय पूरा सिस्टम फाइलें तैयार करके बैठ जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय आम धारणा थी कि गरीबी को कभी खत्म नहीं किया जा सकता।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ‘सशक्त बनाने के लिए शक्ति’ यानी ‘Power to Empower’ के मूल सिद्धांत पर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तब भी हालात कुछ अलग नहीं थे। उन्होंने लाल किले से शौचालय बनवाने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में कुछ लोगों ने इस विचार का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि वे यह नहीं समझ पाए कि गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा कितनी महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 सालों में सरकार ने इसी सोच को बदलने का काम किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि जब IIT खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की, तब भारत की आजादी नई-नई थी और देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय देश को उद्योग और आधारभूत संरचना के लिए इंजीनियर्स की जरूरत थी। जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ीं, IIT खड़गपुर के स्नातकों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘चिप से लेकर जहाज तक सब कुछ यहीं होगा’ और यह काम भारत में आप जैसे नौजवानों के हाथों से होगा। उन्होंने कहा कि देश की आकांक्षाओं को आत्मनिर्भरता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की है और IIT खड़गपुर जैसे संस्थान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *