KNEWS DESK- सर्दियों में घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते सड़क हादसों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा कम करने की तैयारी की जा रही है। करीब 165 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक से कोहरे और वाहन संचालन में आने वाली दिक्कतों को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नई स्पीड लिमिट लागू करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
हल्के वाहनों की रफ्तार 80 और भारी वाहनों की 60 किमी प्रति घंटा करने का प्रस्ताव
फिलहाल हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अन्य एक्सप्रेसवे पर कोहरे के दौरान इसी तरह की गति सीमा लागू की जा चुकी है।
15 दिसंबर से 15 फरवरी तक कम की जाती है स्पीड
यमुना एक्सप्रेसवे पर सर्दियों के दौरान हर साल 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक वाहनों की गति सीमा कम की जाती है। इस दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को जागरूक किया जाता है और पंपलेट बांटकर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की जाती है।
रिपोर्ट मिलने के बाद होगा अंतिम फैसला
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल गति सीमा कम करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। जेपी इंफ्राटेक से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य कोहरे के दौरान कम दृश्यता के कारण होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है।