Knews Desk– SIR को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध और तेज हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की टिप्पणी के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं ने CEC के इस्तीफे की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जस्टिस भुइयां की टिप्पणी के बाद CEC को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के प्रमुख के तौर पर ज्ञानेश कुमार का काम करना देश के लिए नुकसानदेह साबित हो रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने जस्टिस भुइयां के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि वह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के नागरिकों के अधिकार का मुद्दा उठाने के लिए उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके बयान को अदालत की अवमानना माना जाता है, तो वह जेल जाने को तैयार हैं।
TMC की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने भी SIR को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रक्रिया से लाखों-करोड़ों नागरिक अपने अधिकारों से वंचित हो जाते हैं, तो ऐसी प्रक्रिया को सही नहीं ठहराया जा सकता।
दरअसल, जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने 4 अक्टूबर को हैदराबाद में NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के कार्यक्रम में कहा था कि किसी भी दलील से वोटिंग का अधिकार छीनने को सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने अनुच्छेद 326 के तहत मिले मतदान के अधिकार और ऐसी प्रक्रियाओं पर चिंता जताई, जो बड़ी संख्या में लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित कर सकती हैं।