Knews Desk– कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में महज 500 रुपये के लिए एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांजे के नशे में धुत चार युवकों ने मोहम्मद अली से पैसे मांगे और इनकार करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना शिवमोग्गा के अशोक नगर में तुंगा नहर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे थे। उनकी नजर मजदूर मोहम्मद अली पर पड़ी, जिसके पास 500 रुपये थे। आरोप है कि युवकों ने उससे पैसे मांगते हुए 500 रुपये देने को कहा। मोहम्मद अली ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर ड्रैगन चाकू से मोहम्मद अली पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पास मौजूद 500 रुपये लिए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अली सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे।
मामले में डोड्डापेट पुलिस स्टेशन में हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय स्तर पर शिवमोग्गा में नशे और उससे जुड़े अपराधों को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।