‘एक कचौड़ी, दो समोसा… BJP पर नहीं भरोसा’, राज्यसभा चुनाव के बीच अखिलेश का BJP पर तंज, तीसरे प्रत्याशी को लेकर कही ये बात

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्यसभा चुनाव, यूपी की कानून-व्यवस्था, साधुओं की हत्या और आपातकाल जैसे मुद्दों पर बीजेपी और सरकार को घेरा। राज्यसभा के तीसरे प्रत्याशी को लेकर उन्होंने कहा कि पहले संख्या पूरी की जाएगी, इसके बाद प्रत्याशी का ऐलान होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि इसके लिए विधायकों से बातचीत करनी पड़ती है और इस प्रक्रिया में समय लगता है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के कई लोग सपा के संपर्क में हैं। साथ ही कहा कि कुछ लोग वापस आना चाहते हैं और कुछ जगहों पर असंतोष है। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी को ऐसा वादा नहीं करना चाहते, जिसे बाद में पूरा न कर पाएं। राज्यसभा चुनाव के गणित पर सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, “एक कचौड़ी, दो समोसा… बीजेपी पर नहीं भरोसा।”

शाहजहांपुर और एटा में साधुओं की हत्या को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें हत्या के कारण की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने सरकार पर साधुओं को सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाया। शाहजहांपुर के खुदागंज में दो साधुओं के शव मंदिर परिसर में जले हुए मिले हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अखिलेश ने लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन बढ़ाकर 51 हजार रुपये करने और उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के बराबर मान्यता देने की बात कही। उन्होंने यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस बीजेपी कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *