KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और भारत के शाश्वत मूल्य व आदर्श सबसे ऊपर हैं, उनके लिए ‘बाबू जी’ हमेशा प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार कल्याण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह दबाव में काम करने वाले नेताओं में से नहीं थे। वह कहा करते थे कि ‘कल्याण सिंह टूट तो सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।’ मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने जीवनभर अपने इस संकल्प का पालन किया।
राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने का दावा
सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने भारत के सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के हर अनुयायी का कर्तव्य है कि वह कल्याण सिंह के प्रति सम्मान का भाव रखे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह की राजनीतिक और सामाजिक विरासत को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं।
सपा पर श्रद्धांजलि नहीं देने का आरोप
अपने संबोधन में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के बाद सपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ नेता के निधन पर श्रद्धांजलि देना लोकतांत्रिक परंपरा और सामान्य शिष्टाचार का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी थी। मुख्यमंत्री ने बसपा प्रमुख मायावती का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं।
वहीं, सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने न तो कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और न ही सार्वजनिक रूप से उनके निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने इसे कल्याण सिंह के साथ-साथ उनके सामाजिक समुदाय और सनातन परंपरा से जुड़े लोगों का अपमान बताया।
‘गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं’
मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं। उन्होंने कहा कि पहले ‘P’ का मतलब ‘पिछड़ा’ बताया गया और बाद में उसे ‘पंडित’ बना दिया गया। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि किसी दिन यही लोग ‘P’ का मतलब ‘पाकिस्तान’ भी बता सकते हैं।
सीएम योगी ने सरकारी संस्थानों के नाम बदले जाने के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने दावा किया कि कन्नौज में डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने अस्पताल का नाम बदल दिया गया।
उन्होंने मैनपुरी में अहिल्याबाई होलकर के नाम से संचालित कॉलेज का नाम बदले जाने का भी दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों का सम्मान होना चाहिए और उनके नाम पर बने संस्थानों के नाम राजनीतिक हितों के आधार पर बदलना उचित नहीं है।