‘सोच इतनी सीमित और बनावटी…’ शर्मिला टैगोर के वंदे मातरम् वाले बयान पर भड़कीं कंगना रनौत

KNEWS DESK – भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ को लेकर इन दिनों बहस छिड़ी हुई है। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर के बयान पर कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने कहा कि वह शर्मिला टैगोर की कुछ बातों से सहमत हैं, लेकिन उनके विचारों से हैरान भी हैं।

कंगना ने सोशल मीडिया पर शर्मिला टैगोर का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि राष्ट्रगान या राष्ट्रीय गीत को धार्मिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

‘वंदे मातरम् को किसी धर्म तक सीमित कैसे रख सकते हैं?’

कंगना ने कहा कि वह वंदे मातरम् पर शर्मिला टैगोर के विचार की प्रशंसा करती हैं, लेकिन एक कलाकार के तौर पर उनकी कला और कविता को लेकर सोच को सीमित देखकर हैरान हैं।

उन्होंने कहा कि एक कवि अपनी कल्पनाओं को विस्तार देता है और कविता में उसी का प्रभाव दिखाई देता है। कंगना के मुताबिक, वंदे मातरम् स्वतंत्रता सेनानी और लेखक बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के संघर्षों की अभिव्यक्ति है, जिसमें इंसान को उसकी आंतरिक शक्ति से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।

कंगना ने सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के महान काव्य को किसी विशेष धर्म तक सीमित कैसे किया जा सकता है।

स्वामी विवेकानंद के विचारों का दिया उदाहरण

कंगना ने अपने बयान में स्वामी विवेकानंद के विचारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब विवेकानंद मजबूत शरीर और युवा शक्ति की बात करते थे, तो वह मौसम का हाल नहीं बता रहे थे, बल्कि देश की युवा शक्ति और सामर्थ्य की बात कर रहे थे।

कंगना ने आगे लोगों से अपील करते हुए कहा कि ‘हिंदू-मुस्लिम वाले विचार से बाहर निकलें।’ उन्होंने आपसी भाईचारे और एक-दूसरे को गले लगाने की बात भी कही।

शर्मिला टैगोर ने क्या कहा था?

शर्मिला टैगोर ने हालिया इंटरव्यू में वंदे मातरम् और जन गण मन को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि भारत में अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग रहते हैं और सभी की धार्मिक मान्यताएं अलग हो सकती हैं।

उनके मुताबिक, वंदे मातरम् के कुछ छंदों में देवी-देवताओं का उल्लेख आता है। ऐसे में एक ईश्वर को मानने वाले लोगों के लिए उन पंक्तियों को स्वीकार करना मुश्किल हो सकता है।

शर्मिला टैगोर ने कहा था कि अगर देश के सभी धर्मों को साथ लेकर चलना है, तो वंदे मातरम् के शुरुआती दो छंदों को प्राथमिकता देना बेहतर हो सकता है।

अब कंगना रनौत की प्रतिक्रिया के बाद वंदे मातरम् और जन गण मन को लेकर चल रही बहस में बॉलीवुड की दो चर्चित अभिनेत्रियों की राय भी चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *