23 साल पुराने केस में दयाशंकर सिंह पर शिकंजा, कोर्ट ने दोबारा जारी किया गिरफ्तारी वारंट

knews desk – उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। 23 साल पुराने मामले में उनके खिलाफ एक बार फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। मामला सदर कोतवाली में घुसकर तत्कालीन कोतवाल सर्वजीत शाही के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप से जुड़ा है।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पांडे की अदालत ने गुरुवार को मामले की सुनवाई की। इस दौरान भाजपा एमएलसी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू की गैरहाजिरी को माफ कर दिया गया। वहीं, सह अभियुक्त सदर विधायक एवं यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उनके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। अदालत ने वारंट की तामील सदर कोतवाल के माध्यम से कराने का आदेश दिया है। साथ ही जमानतदारों के खिलाफ नोटिस भी जारी किया गया है।

अदालत की ओर से मंत्री दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भी लिखा गया है। अभियोजन के मुताबिक, यह घटना 4 दिसंबर 2003 को सुबह करीब साढ़े नौ बजे सदर कोतवाली परिसर में हुई थी। आरोप है कि रविशंकर सिंह और दयाशंकर सिंह करीब 20 समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे थे।

अभियोजन के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर तत्कालीन एसएचओ भी सदर कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और उनका कॉलर पकड़ लिया गया। रविशंकर सिंह पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने और एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर अभद्रता एवं गाली-गलौज करने का भी आरोप है।

गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान एमएलसी रविशंकर सिंह अदालत में उपस्थित हुए और अपनी जमानत करा ली। इसी आधार पर उनकी गैरहाजिरी माफ कर दी गई। वहीं, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अदालत में उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने उनके खिलाफ पुनः जरिए एन.स्टेप गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *