मोदी के नेतृत्व की दुनिया में तारीफ… स्लोवाकिया पीएम ने बताया असाधारण उपलब्धि

KNEWS DESK – स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी और लगातार लोकतांत्रिक नेतृत्व यात्रा की सराहना की है। उन्होंने पीएम मोदी को दुनिया में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री के रूप में “राजनीतिक चमत्कार” बताया।

ब्रातिस्लावा में पीएम फिको ने प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह एक असाधारण राजनीतिक सफर है, जो वैश्विक लोकतंत्र में भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का भी जिक्र किया और कहा कि स्लोवाकिया इसे लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार है।

यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने स्लोवाकिया दौरे पर हैं, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की इस देश की पहली आधिकारिक यात्रा मानी जा रही है। इससे पहले उन्होंने फ्रांस का दौरा पूरा किया, जहां उन्होंने नीस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘इंडिया इनोवेट्स 2026 कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि भारत और स्लोवाकिया वैश्विक मंच पर मिलकर आगे बढ़ रहे हैं और आपसी सहयोग को नई दिशा दे रहे हैं। बातचीत के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Partnership) तक बढ़ाने पर सहमति जताई।

इस दौरे को भारत और स्लोवाकिया के संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। दोनों नेताओं ने साझा भरोसे, प्राथमिकताओं और भविष्य के सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *