Knews Desk- मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कुर्ला पश्चिम के चिराग नगर इलाके में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां भूस्खलन के चलते कई घर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बीएमसी, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। टीमें मलबा हटाकर यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति उसमें फंसा तो नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, चिराग नगर में बुधवार सुबह करीब 3 बजे से 3:48 बजे के बीच भूस्खलन हुआ। राठौड़ मेडिकल के पास गौशिया चॉल और अशोकनगर इलाके में लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसक गया। इसके बाद भारी मलबा आसपास बने घरों पर जा गिरा।
रात का वक्त होने के कारण लोगों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया।
मलबे से 7 शव बरामद
बचाव अभियान के दौरान अब तक 7 शव निकाले जा चुके हैं। मृतकों में 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी, 19 वर्षीय साहिल हुसैन अब्दुल काजी, करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति, 2 वर्षीय अबान आरिफ शेख, 4 वर्षीय मनात आरिफ शेख, 27 वर्षीय मरजिना आरिफ शेख और 27 वर्षीय विकेट रमेश यादव शामिल हैं।
रेस्क्यू टीमें मलबे को सावधानी से हटाकर इलाके की तलाशी ले रही हैं, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को खत्म किया जा सके।
7 घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल सात लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कुर्ला के भाभा अस्पताल में चार घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी, 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी, 28 वर्षीय नईमुद्दीन इकबाल खान और 16 वर्षीय साजिद अंसारी शामिल हैं। सोहेल के सिर में चोट लगी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है।
वहीं, राजावाड़ी अस्पताल में फराना दिलबर खान, दिलबर अमनुल्ला खान और शामिन मुस्लिम खान का इलाज जारी है। इन तीनों की हालत भी स्थिर बताई गई है।
कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
घटना के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी, एनडीआरएफ, 108 एंबुलेंस और स्थानीय वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर तैनात हैं। सभी एजेंसियां मिलकर मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण अशोकनगर इलाके में भूस्खलन की घटना हुई। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। कुर्ला की इस घटना ने भारी बारिश के दौरान पहाड़ी ढलानों और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर हालात पर नजर बनाए हुए हैं और मलबे में किसी और व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।