Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में से एक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। उसके पास से PMO का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ है। वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने खुद को बॉडीगार्ड बताया और उसके पास एक बंदूक मिली।
सुरक्षा जांच के दौरान दोनों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। मुख्य संदिग्ध की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में बताई गई है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे कार्यक्रम स्थल तक किस मकसद से पहुंचे थे। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करने वाले हैं। कार्यक्रम शाम करीब 5:45 बजे प्रस्तावित है। वित्तीय तकनीक पर केंद्रित यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर फिनटेक क्षेत्र का एक प्रमुख आयोजन माना जाता है।
फर्जी पहचान पत्र से कार्यक्रम स्थल में घुसने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मुख्य संदिग्ध ने खुद को PMO का अधिकारी बताकर कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने की कोशिश की। उसके पास मौजूद पहचान पत्र की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद जब उसके साथ मौजूद व्यक्ति की तलाशी ली गई तो उसके पास से बंदूक बरामद हुई।
पूरे घटनाक्रम के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्धों का आपस में क्या संबंध है और उनके पास फर्जी पहचान पत्र और हथियार कहां से आया।
क्या है ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026?
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का आयोजन वित्तीय तकनीक और डिजिटल वित्त के क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर चर्चा के लिए किया जा रहा है। साल 2020 से यह आयोजन नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, टेक्नोलॉजी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों के लिए एक वैश्विक मंच के तौर पर उभरा है।
इस वर्ष सम्मेलन में डिजिटल पेमेंट और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत की भूमिका पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा एजेंटिक AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी और अन्य उभरती तकनीकों के इस्तेमाल पर भी मंथन किया जाएगा।
वडोदरा में भी पीएम का कार्यक्रम
मुंबई के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वडोदरा में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां वह वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन प्रमुख हिस्सों को देश को समर्पित करेंगे। ये सेक्शन कुल 326 किलोमीटर लंबे हैं और इनके निर्माण पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।
फिलहाल मुंबई में हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी PMO पहचान पत्र और बंदूक लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के पीछे उनकी वास्तविक मंशा क्या थी।