पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप
जांच एजेंसियां आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटीं
Knews Desk – मेरठ पुलिस द्वारा गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी से पूछताछ में जम्मू-कश्मीर में सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की कथित साजिश और पाकिस्तान से जुड़े ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, उजैद करीब 10 महीने से फरार था और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने तथा उन्हें कट्टरपंथी बनाने का काम कर रहा था।
जांच के अनुसार, उजैद के संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके गैंग से जुड़े लोगों से होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान और PoK से जुड़े हैंडलर्स सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन ट्रेनिंग और भर्ती का नेटवर्क चला रहे थे।
सेना के चेक पोस्ट और काफिले को निशाना बनाने की कथित तैयारी
पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और ISI के इशारे पर भारत में बड़े फिदायीन हमले की तैयारी की जा रही थी। सेना के चेक पोस्ट और आर्मी के काफिले को निशाना बनाने की साजिश की बात सामने आई है। इसके अलावा VIP लोगों और देश के कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने के लिए युवाओं को तैयार किए जाने का भी आरोप है।
जांच में PoK के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान के सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आतंक की ट्रेनिंग देने की बात सामने आई है। जांच के मुताबिक, ISI के करीबी आतंकी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क भी इससे जुड़ा हुआ था।
उजैद को नए लड़कों की भर्ती करने और उन्हें आतंकी हमलों के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई अकाउंट और ग्रुप बनाए गए थे।
इंस्टाग्राम पर चार संदिग्ध ID का इस्तेमाल
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, उजैद ने इंस्टाग्राम पर चार संदिग्ध ID बनाई थीं। इनमें Ibneaadam99, Kmaran786, Drugsjihadi और Abumusailhafs शामिल हैं। इनमें Kmaran786 को किश्तवाड़ और Drugsjihadi तथा Abumusailhafs को पाकिस्तान से जुड़ा बताया गया है।
जांच के अनुसार, इंस्टाग्राम और Session ऐप पर Tution40 और Brigade नाम से दो ग्रुप बनाए गए थे। इन ग्रुपों में PoK के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान के शामिल होने की बात सामने आई है। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर Al-Muzzahid नाम से भी एक अलग ग्रुप बनाए जाने की जानकारी मिली है। उजैद के शहजाद भट्टी द्वारा बनाए गए ग्रुप से जुड़े होने की बात भी जांच में सामने आई है।
आतंकी साजिद से संपर्क के बाद सामने आया नाम
बताया गया है कि साल 2025 में जम्मू में आतंकी साजिद की गिरफ्तारी के बाद उजैद का नाम सामने आया था। इसके बाद से वह करीब 10 महीने से फरार चल रहा था। सोमवार को जम्मू पुलिस और मेरठ की कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, उजैद सोशल मीडिया पर आतंकी और कट्टरपंथी ग्रुपों से जुड़ा था। वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखता था और आतंकी विचारधारा से जुड़े वीडियो पर कमेंट करता था। एक वीडियो पर ‘हम भी तैयार हैं’ कमेंट करने के बाद उसके आतंकी साजिद के संपर्क में आने की बात सामने आई।
जांच के मुताबिक, उजैद को उत्तर प्रदेश में युवाओं और किशोरों को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का टास्क दिया गया था। आरोप है कि वह किशोरों के मोबाइल पर आतंकी संगठनों से जुड़े वीडियो भेजता था और बाद में उन्हें डिलीट कर देता था।
2025 में फिदायीन हमले की योजना का दावा
पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, साल 2025 में आर्मी के बड़े चेक पोस्ट या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमले की योजना बनाई गई थी। साजिद को हमले से पहले रेकी करने की जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही गई है। वहीं उजैद को हथियार और विस्फोटक जैकेट उपलब्ध कराकर हमले को अंजाम देने की जिम्मेदारी दिए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, उजैद को इस हमले के लिए ट्रेनिंग भी दी गई थी।
अब पुलिस उजैद से जुड़े दूसरे लोगों और पूरे कथित आतंकी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।