Knews Desk – कांग्रेस 26 नवंबर को देशभर में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में होने वाले मार्च में शामिल होंगे। कांग्रेस ने चुनावी सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षण यानी SIR के खिलाफ अभियान तेज करने का ऐलान किया है।
देशभर में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च
कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, यह मार्च देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से निकाला जाएगा। लखनऊ में आयोजित मार्च में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे।
पार्टी के मुताबिक, मार्च की शुरुआत डॉ. बीआर अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से होगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को याद करेंगे।
SIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे विशेष सघन पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए हैं। केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कि बिहार चुनाव से कुछ महीने पहले मतदाता सूचियों का SIR शुरू किया गया और बाद में यह प्रक्रिया दूसरे तथा तीसरे चरण में कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंची।
वेणुगोपाल ने दावा किया कि अब तक 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अकेले बिहार की ड्राफ्ट मतदाता सूची से 65 लाख से अधिक नाम हटाए गए। कांग्रेस ने दावा किया कि इस प्रक्रिया से गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं को सबसे ज्यादा खतरा है।
‘वोट चोरी’ के आरोपों का भी किया जिक्र
कांग्रेस के संगठन महासचिव ने राहुल गांधी की ओर से लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने महादेपुरा में कथित फर्जी और डुप्लिकेट प्रविष्टियों, अलंद में मतदाता सूची से हजारों नाम हटाने की कथित कोशिशों और हरियाणा समेत अन्य राज्यों में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया।
कांग्रेस का कहना है कि इन मामलों से चुनावी सूचियों में बड़े पैमाने पर कथित हेराफेरी का संकेत मिलता है।
केसी वेणुगोपाल ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति वाली चयन समिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून में संशोधन के जरिए मुख्य न्यायाधीश को चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से हटाया गया, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार का निर्णायक दखल बढ़ गया।
उन्होंने यह भी कहा कि एक अन्य संशोधन के जरिए चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कार्यों के लिए इम्युनिटी दी गई।
हर बूथ तक पहुंचने का कांग्रेस का दावा
कांग्रेस ने कहा है कि उसके कार्यकर्ता हर बूथ तक जाएंगे और उन मतदाताओं की पहचान करेंगे जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। पार्टी ने दावा किया कि वह ऐसे लोगों को उनके वोट देने का अधिकार वापस दिलाने में मदद करेगी।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की रक्षा की शपथ भी लेंगे। पार्टी ने इसे संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा से जोड़ते हुए देशव्यापी अभियान के रूप में पेश किया है।