लखनऊ अग्निकांड: अलीगढ़ दौरा रद्द कर घटनास्थल पहुंचे CM योगी, घायलों से भी की मुलाकात

KNEWS DESK – यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री अलीगढ़ दौरे पर थे, लेकिन घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में ही रद्द कर दिया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री को अलीगढ़ में लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए राजधानी पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

KGMU में घायलों से मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचकर आग हादसे में घायल लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

फायर विभाग के अधिकारियों को लगाई फटकार

मुख्यमंत्री ने फोन पर फायर विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए और मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

डीजीपी और गृह विभाग से मांगी रिपोर्ट

सीएम योगी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव गृह को मौके पर जाकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की तह तक जाकर जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी।

अलीगढ़ में मंच से जताया दुख

अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरी इच्छा थी कि मैं यहीं रुकूं, लेकिन अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है, जिसमें कुछ बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और मुझे तत्काल लखनऊ वापस जाना पड़ रहा है।”

मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद देने का भी ऐलान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *