KNEWS DESK – मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बनी अनिश्चितताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगाए LPG टैंकर ‘Symi’ सुरक्षित रूप से गुजरात के Kandla Port पहुंच गया है. इस जहाज में करीब 20 हजार टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लदी हुई है, जिससे देश में गैस सप्लाई को लेकर पैदा हो रही चिंताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह टैंकर 13 मई को रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरा था. हाल के दिनों में इस इलाके में तनाव बढ़ने के बाद वैश्विक तेल और गैस सप्लाई को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं. ऐसे में भारत के लिए LPG लेकर आए इस जहाज का सुरक्षित पहुंचना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री Seyyed Abbas Araghchi ने भारत के विदेश मंत्री S. Jaishankar के साथ बातचीत में भरोसा दिलाया कि ईरान व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. अरागची ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा के रक्षक के तौर पर अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाता रहेगा और मित्र देशों के लिए एक भरोसेमंद साझेदार बना रहेगा.
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भारत की ओर आ रहे LPG टैंकर MV Sunshine को भी सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कराया गया था. यह भारत की ओर आने वाला 15वां LPG जहाज था, जिसे फारसी खाड़ी से सुरक्षित निकालने में कई एजेंसियों ने सहयोग किया. भारतीय नौसेना ने भी इन जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई.
वहीं, ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री Kazem Gharibabadi ने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति और बेहतर हो जाएगी. उन्होंने दावा किया कि भविष्य में यहां पारदर्शिता बढ़ेगी और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पूरी तरह पालन किया जाएगा.