लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक हमजा पर हमला, हालत नाजुक

KNEWS DESK- पाकिस्तान के लाहौर से एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सदस्यों में से एक और हाफिज सईद का करीबी माने जाने वाला आतंकी अमीर हमजा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि उस पर लाहौर में एक निजी न्यूज चैनल के बाहर अज्ञात हमलावर ने हमला किया।

हमले के बाद अमीर हमजा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार वह फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

अमीर हमजा को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के शुरुआती और प्रमुख सदस्यों में से एक माना जाता है। उसने 1987 में हाफिज सईद के साथ मिलकर इस संगठन की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह लंबे समय तक संगठन में दूसरे नंबर की महत्वपूर्ण भूमिका में रहा और युवाओं को उग्रवाद के लिए प्रेरित करने का काम करता था।

हमजा पर भारत में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगते रहे हैं। 2012 में अमेरिका के वित्त विभाग ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित किया था और उसे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, अमीर हमजा का जन्म पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा जिले में हुआ था। उसने धार्मिक शिक्षा प्राप्त की और बाद में कथित रूप से उग्रवाद की राह पर चला गया। शुरुआती दौर में वह 1979 के आसपास अफगान संघर्ष से भी जुड़ा रहा, जहां उसने सोवियत संघ के खिलाफ लड़ाई में हिस्सा लिया था।

बताया जाता है कि सोवियत-अफगान युद्ध समाप्त होने के बाद उसे कश्मीर में गतिविधियों के लिए सक्रिय किया गया, जहां वह कथित रूप से आतंक फैलाने से जुड़ा रहा। 2018 के आसपास पैसों और रणनीतिक मतभेदों के चलते उसका हाफिज सईद से संबंध भी खराब हो गया, जिसके बाद वह अलग-थलग पड़ गया।

अमीर हमजा ने उग्रवाद और आतंक से जुड़े विषयों पर कई किताबें भी लिखी हैं, जिन्हें लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े प्रकाशनों के जरिए प्रकाशित किया गया था।

फिलहाल इस हमले को लेकर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *