KNEWS DESK- राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर कथित फायरिंग की घटना को लेकर नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती बयान में गोलीबारी का दावा करने वाले मशहूर शिक्षक खान सर अब अपने बयान से पीछे हटते नजर आए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल काफी तनावपूर्ण था और उन्होंने वही जानकारी साझा की थी जो उन्हें सुरक्षा गार्ड ने बताई थी।
मंगलवार देर रात हुई घटना के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ हमलावरों ने कोचिंग संस्थान को निशाना बनाया और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। उस समय उन्होंने यह भी कहा था कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।
हालांकि, पुलिस जांच में अब तक गोलीबारी के कोई सबूत नहीं मिले हैं। इसके बाद खान सर ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल था और उन्होंने जो कुछ कहा, वह गार्ड से मिली जानकारी के आधार पर कहा था। उन्होंने माना कि उस समय स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति थी।
खान सर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घटना की गंभीरता को सामने लाना था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि चाहे फायरिंग हुई हो या नहीं, हिंसा और मारपीट जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, पटना पुलिस ने साफ किया है कि शुरुआती जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक यह मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। दर्ज एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ लोगों ने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फायरिंग के दावे की भी अलग से पड़ताल की जा रही है। मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।