KNEWS DESK- पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने संस्थान के बाहर 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुसल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने बताया कि उस दिन कोचिंग संस्थान में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए छात्रों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी और छात्र काफी थके हुए थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व संस्थान के बाहर पहुंचे और कोचिंग सेंटर को दो दिनों के भीतर उड़ा देने की धमकी देने लगे।खान सर के अनुसार, आरोपियों ने संस्थान के सुरक्षा गार्ड पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भी डराने और धमकाने की कोशिश की।
खान सर ने कहा कि कुछ लोगों को इस बात से आपत्ति है कि उनका संस्थान बेहद कम फीस में बड़ी संख्या में छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है और बेहतर परिणाम देता है। उन्होंने प्रशासन से कोचिंग संस्थान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का पूरा अधिकार है।
यह पहली बार नहीं है जब खान सर के संस्थान का नाम किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हो। इससे पहले वर्ष 2019 में भी उनके कोचिंग सेंटर के बाहर देसी बम से हमला किया गया था। उस घटना में कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था और बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थी, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।
फिलहाल ताजा फायरिंग मामले में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।