द्रविड़ मुनेत्र कषगम यानी DMK की सांसद कनिमोझी ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का मतलब पार्टी का रुख बदलना या BJP के साथ गठबंधन करना नहीं है। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि DMK शुरू से ही निष्पक्ष परिसीमन की पक्षधर रही है और उसका उद्देश्य तमिलनाडु के राजनीतिक हितों की रक्षा करना है।
फेयर परिसीमन की मांग पर कायम DMK
कनिमोझी ने कहा कि DMK कभी परिसीमन रोकने के पक्ष में नहीं रही। पार्टी की मांग सिर्फ इतनी है कि परिसीमन निष्पक्ष हो और तमिलनाडु को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि चेन्नई में हुई पार्टी की बैठक में भी लोकसभा सीटें कम नहीं होने देने का फैसला लिया गया था। कनिमोझी के मुताबिक, पहले हुए परिसीमन में तमिलनाडु की सीटें 41 से घटकर 39 रह गई थीं।
नए प्रस्ताव के समर्थन की वजह
कनिमोझी ने बताया कि पहले प्रस्ताव में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की बात थी और सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान नहीं था। इससे तमिलनाडु की सीटें 39 से घटकर 32 होने का खतरा था। अब 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों के निर्धारण पर सहमति बनी है। कनिमोझी के अनुसार, इस फॉर्मूले से तमिलनाडु को 59 लोकसभा सीटें मिलेंगी। इसी वजह से DMK ने नए प्रस्ताव का समर्थन किया है।
अमित शाह से मिले DMK और YSRCP सांसद
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों के समर्थन में DMK और YSRCP के प्रतिनिधिमंडलों ने अमित शाह से मुलाकात की। DMK प्रतिनिधिमंडल में टी. आर. बालू, कनिमोझी, दयानिधि मारन, ए. राजा और पी. विल्सन शामिल थे। YSRCP की ओर से राज्यसभा सांसद वाई. वी. सुब्बारेड्डी मौजूद रहे।
कनिमोझी ने कहा कि संसद में किसी विधेयक का समर्थन राजनीतिक गठबंधन का संकेत नहीं है। उन्होंने दोहराया कि DMK अपने पुराने रुख पर कायम है और केवल निष्पक्ष परिसीमन चाहती है।