भारतीय वायुसेना दिवस 2026: हिंडन एयरबेस पर दिखा वायुसेना का शौर्य, एपी सिंह ने ली परेड की सलामी

KNEWS DESK- गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर गुरुवार को भारतीय वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस मनाया गया। समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट, साहसिक एवं सराहनीय सेवा देने वाले जवानों को सम्मानित किया।

समारोह की शुरुआत मुख्य परेड से हुई। जवानों ने अनुशासन और जोश के साथ कदमताल की। इस दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बदलते वैश्विक हालात और बढ़ती भू-राजनीतिक चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना एक सक्षम और असाधारण नेटवर्क-केंद्रित बल के रूप में विकसित हुई है। राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए वायु शक्ति महत्वपूर्ण माध्यम है और वायुसेना अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तरह समझती है।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क, प्रतिबद्ध और तैयार है। उन्होंने कहा कि किसी भी वायुसेना की असली ताकत उसके आधुनिक विमानों या सिस्टम से ज्यादा उसकी ऑपरेशनल तैयारी से तय होती है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान में वायुसेना ने अपनी तेज कार्रवाई की क्षमता दिखाई।

समारोह में पहली बार ब्रह्मोस, तेजस और आकाश समेत स्वदेशी रक्षा प्रणालियां एक साथ प्रदर्शित की गईं। हेलीकॉप्टरों और अन्य अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्वदेशी तकनीक और हथियारों का यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की बढ़ती आत्मनिर्भरता और ‘मेक इन इंडिया’ क्षमता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *