‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च में क्या हुआ था? नाराज होकर लौट गए थे नाना पाटेकर

नाना पाटेकर ने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। कार्डियक अरेस्ट से उनके निधन की खबर ने फैंस और सिनेमा जगत को सदमे में डाल दिया। आखिरी बार वह शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ में नजर आए थे, जिसके ट्रेलर लॉन्च के दौरान वह नाराज होकर इवेंट से चले गए थे।

Knews Desk – हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। खबर है कि एक्टर की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है। मौत के वक्त एक्टर गोवा स्थित अपने घर में अकेले थे। उनके साथ सिर्फ उनके केयरटेकर मौजूद थे। नाना पाटेकर के यूं चले जाने से हर कोई सदमे में है। फैंस को भी तगड़ा झटका लगा है। एक्टर लंबे समय से अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का मनोरंजन करते आए हैं।

फैंस को नाना पाटेकर की आने वाली फिल्मों का भी बेसब्री से इंतजार था, लेकिन अब उनका यह इंतजार अधूरा रह जाएगा। नाना पाटेकर आखिरी बार शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ में नजर आए थे। इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नाना ने कुछ ऐसा कर दिया था, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हुई थी।

दरअसल, ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नाना पाटेकर नाराज हो गए थे और इवेंट शुरू होने से पहले ही वहां से वापस लौट गए थे। इसकी वजह प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई देरी बताई गई थी।

शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का ट्रेलर 21 जनवरी 2026 को रिलीज किया गया था। ट्रेलर लॉन्च के लिए एक बड़ा इवेंट रखा गया था, जिसमें डायरेक्टर विशाल भारद्वाज के साथ पूरी टीम पहुंची थी। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होनी थी।

हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में देरी होने की वजह से नाना पाटेकर नाराज हो गए और वहां से उठकर चले गए। उनके इवेंट से चले जाने के बाद विशाल भारद्वाज से भी इस बारे में बात की गई थी।

विशाल भारद्वाज ने कहा था कि उन्हें इस बात का बिल्कुल भी बुरा नहीं लगा कि नाना चले गए। उन्होंने कहा था कि अगर नाना वहां होते तो अच्छा होता। विशाल ने यह भी बताया था कि नाना ऐसे ही हैं और यही चीज उन्हें नाना पाटेकर बनाती है।

नाना पाटेकर के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी दो फिल्में इसी साल रिलीज होने वाली थीं। वह श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ में नजर आने वाले थे। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

इसके अलावा नाना पाटेकर ‘शक्ति शालिनी’ में भी अहम रोल अदा कर रहे थे। इस फिल्म में उनके साथ अनीत पड्डा, विशाल जेठवा, विनीत कुमार सिंह और सीमा बिस्वास भी हैं। पहले यह फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म जनवरी में रिलीज हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *