अमेरिका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। भारत ने इस मामले की निंदा करते हुए अमेरिकी प्रशासन से गहन जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
Knews Desk – भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के ऑरोरा इलाके में स्थित हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे जिस तरह की नफरती, नस्लवादी और भारत विरोधी मानसिकता सामने आई है, वह बेहद परेशान करने वाली है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “अमेरिका के इलिनॉय राज्य में ऑरोरा इलाके के एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर की जाने वाली गोलीबारी की साजिश की खबरों से भारत बहुत चिंतित है।” मंत्रालय ने इस साजिश को गंभीर बताते हुए कहा कि इसमें हिंदू धर्म और भारतीयों के खिलाफ नस्लवादी सोच और हिंसा की बात सामने आना चिंताजनक है।
इस मामले में पैलेटाइन इलाके के रहने वाले 19 वर्षीय अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी के पास से एक कथित नफरती पत्र बरामद हुआ। इसमें व्हाइट सुप्रीमेसी की विचारधारा और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा फैलाने जैसी बातें लिखी होने का आरोप है। पुलिस ने इस साजिश को नाकाम करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
भारत ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए, दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए और अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। विदेश मंत्रालय ने कहा, “अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नफरत और नस्ली भेदभाव एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है।” मंत्रालय ने ऐसे मामलों में नफरती हिंसा को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने और सख्त कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया।
अमेरिकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच तब शुरू की, जब एक व्यक्ति ने उसकी कथित योजना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। आरोपी पैलेटाइन इलाके के टैको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर के तौर पर काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ मास शूटिंग की योजना से जुड़ा एक नक्शा साझा किया था। इसमें राइफल, मैगजीन, बॉडी आर्मर और अन्य सैन्य उपकरणों की तस्वीरें भी शामिल थीं।
आरोप है कि आरोपी ने अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों से कहा था कि रविवार का दिन बहुत खास होने वाला है। मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह आरोपी ने अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया कि उसकी बंदूक फंस गई थी, इसलिए वह बिना किसी की नजर में आए वहां से तेजी से निकल आया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।