दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी, मौसम विभाग ने अगले 6 दिन के लिए अलर्ट जारी किया

KNEWS DESK-  दिल्ली और एनसीआर में मानसून ने दस्तक दे दी है और इसका असर पूरे इलाके में देखा जा रहा है। राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। हालांकि, कई इलाकों में धूप भी देखने को मिली। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 6 दिनों तक दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

3 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 27°C दर्ज किया गया था, जबकि 4 जुलाई को अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है। आने वाले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। बारिश और बादलों के चलते गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भी बारिश लगातार जारी है। देहरादून में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि शिमला में हल्की बारिश की संभावना है। 4 और 5 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी बारिश हो सकती है।

राजस्थान और पंजाब में 4 से 9 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार, झारखंड, गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।

तेलंगाना, केरल, तटीय और आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। दक्षिण कोंकण और गोवा में भारी बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

ये भी पढ़ें-  पाकिस्तान की हॉकी टीम को भारत आने की मंजूरी, एशिया कप और जूनियर वर्ल्ड कप में लेगी हिस्सा